बरेली में टंकी गिरने के मामले में जिम्मेदार एजेंसियों पर कार्रवाई, दो कनिष्ठ अभियंता बर्खास्त

बरेली में टंकी गिरने के मामले में जिम्मेदार एजेंसियों पर कार्रवाई, दो कनिष्ठ अभियंता बर्खास्त

बरेली में टंकी गिरने के मामले में जिम्मेदार एजेंसियों पर कार्रवाई, दो कनिष्ठ अभियंता बर्खास्त
Modified Date: May 19, 2026 / 09:20 pm IST
Published Date: May 19, 2026 9:20 pm IST

लखनऊ, 19 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने बरेली में निर्माणाधीन टंकी ढहने की घटना के बाद निर्माण एवं निरीक्षण में शामिल एजेंसियों को काली सूची में डालते हुए तीन अभियंताओं को निलंबित कर दिया है और पूरे राज्य में पानी की टंकी से जुड़ीं परियोजनाओं का सुरक्षा ऑडिट कराने का निर्देश दिया है।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक चार मई को बरेली के आलमपुर जाफराबाद विकास खंड में एक निर्माणाधीन टंकी ढह जाने के मामले की जांच के लिए गठित समिति की प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के निर्देश का पालन करते हुए निर्माण एजेंसी एनसीसी तथा निरीक्षण एजेंसी बीएलजी कंस्ट्रक्शन को अयोग्य घोषित करते हुए काली सूची में डाल दिया गया है।

बयान के अनुसार काली सूची में रहने के दौरान कंपनी को कोई भी नया काम नहीं मिलेगा।

बयान के मुताबिक इस मामले में निर्माण कंपनी एनसीसी तथा निरीक्षण एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज करवायी गयी है, साथ ही बरेली की अधिशासी अभियंता कुमकुम तथा दो कनिष्ठ अभियंताओं को भी निलंबित भी कर दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि योजना में आउटसोर्सिंग के माध्यम से तैनात दो सहायक अभियंताओं को बर्खास्त कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा निरीक्षण एजेंसी बीएलजी कंस्ट्रक्शन सर्विसेज के बरेली में तैनात प्रभारी को भी तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है।

बयान के अनुसार जलशक्ति मंत्री के आदेश पर निर्माण कंपनी एनसीसी पर योजना की कुल लागत के पांच प्रतिशत तथा निरीक्षण एजेंसी पर एक प्रतिशत के बराबर जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा कंपनी को अपने खर्च से नयी टंकी का निर्माण कराना होगा।

भाषा सलीम जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में