झांसी में स्लीपर बस खड़े ट्रक से टकराई, दो लोगों की मौत; 15 घायल

Ads

झांसी में स्लीपर बस खड़े ट्रक से टकराई, दो लोगों की मौत; 15 घायल

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 01:13 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 01:13 PM IST

झांसी (उप्र), 29 जुलाई (भाषा) झांसी जिले के बड़ागांव क्षेत्र में पारीछा विद्युत उत्पादन केंद्र के पास एक स्लीपर बस के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा जाने से चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब एक बजे प्रयागराज से यात्रियों को लेकर मध्यप्रदेश के विदिशा जा रही बस बड़ागांव थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पारीछा विद्युत उत्पादन केंद्र के पास खड़े ट्रक से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि हादसे में बस चालक इस्लाम (35) और कन्ना (69) नामक यात्री की मौत हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) प्रिया सिंह ने बताया कि हादसे में घायल 15 यात्रियों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बस में सवार ज्यादातर यात्री मध्यप्रदेश के निवासी थे। वे प्रयागराज में अपने परिजनों के अंतिम संस्कार के बाद गंगा में अस्थियां और फूल विसर्जित कर विदिशा लौट रहे थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

भाषा सं. सलीम

सिम्मी

सिम्मी