एशियाई खेलों के लिए भारतीय हॉकी टीम में एक बदलाव, राज कुमार ने लालागे की जगह ली

Ads

एशियाई खेलों के लिए भारतीय हॉकी टीम में एक बदलाव, राज कुमार ने लालागे की जगह ली

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 01:58 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 01:58 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) भारत ने जापान के आइची नागोया में 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेलों के लिए बुधवार को घोषित की गई अपनी 20 सदस्यीय पुरुष हॉकी टीम में केवल एक बदलाव करके आदित्य अर्जुन लालागे की जगह मिडफील्डर राज कुमार पाल को शामिल किया है।

राज कुमार को अगले महीने होने वाले विश्व कप के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था, लेकिन वह एशियाई खेलों के लिए वापसी करने में सफल रहे। लालागे नीदरलैंड और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में 15 से 30 अगस्त तक होने वाले विश्व कप के लिए भारत की 20 सदस्यीय टीम में शामिल हैं।

भारतीय टीम प्रबंधन और हॉकी इंडिया के चयनकर्ताओं ने इसके अलावा विश्व कप में खेलने वाली टीम में कोई अन्य बदलाव नहीं किया है।

स्टार डिफेंडर और ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह टीम की कप्तानी करना जारी रखेंगे। भारत ने हरमनप्रीत की अगुवाई में ही 2024 में पेरिस ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीता था।

भारत की तरफ से सर्वाधिक मैच खेलने वाले अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह सहित कई अनुभवी खिलाड़ी टीम का हिस्सा हैं। भारतीय टीम अनुभव और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है।

भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, ‘‘एशियाई खेलों के लिए चुनी गई भारतीय टीम बेहद अनुभवी है। हम जापान में मिलने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं जहां विजेता टीम 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेगी। यही हमारा अंतिम लक्ष्य है।’’

गोलकीपिंग विभाग में मोहित एचएस और सूरज करकेरा जबकि रक्षापंक्ति में जरमनप्रीत सिंह, कप्तान हरमनप्रीत, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच शामिल हैं।

राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत, नीलकांत शर्मा और विवेक सागर प्रसाद मध्य पंक्ति की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि दिलप्रीत सिंह, शिलाानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह और अभिषेक अग्रिम पंक्ति में शामिल खिलाड़ी हैं।

हरमनप्रीत के नेतृत्व में हांगझोउ एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की टीम मौजूदा चैंपियन के रूप में टूर्नामेंट में उतरेगी। उसे मेजबान जापान, कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया के साथ पूल ए में रखा गया है।

एशियाई खेलों की पुरुष हॉकी में कुल 12 टीम भाग लेंगी।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत को एशियाई खेलों में अपनी टीम के अच्छे प्रदर्शन पर पूरा भरोसा है।

उन्होंने कहा, ‘‘चाहे युवा खिलाड़ी हों या सीनियर खिलाड़ी, मुझे सभी खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा है कि वे मौकों का पूरा फायदा उठाएंगे। हमारा मुख्य लक्ष्य दबाव में नहीं आना, खेल का आनंद लेना और अपनी जिम्मेदारियों को समझना है।’’

भारत एशियाई खेलों में अपने अभियान की शुरुआत 20 सितंबर को इंडोनेशिया के खिलाफ करेगा। इसके बाद वह पूल चरण में 22 सितंबर को श्रीलंका, 24 सितंबर को कोरिया, 26 सितंबर को जापान और 28 सितंबर को बांग्लादेश का सामना करेगा।

एशियाई खेलों के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम इस प्रकार है:

गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा।

डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच।

मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा, विवेक सागर प्रसाद।

फॉरवर्ड: दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मंदीप सिंह, अभिषेक।

भाषा

पंत मोना

मोना