शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े दो अन्य अभियुक्त गिरफ्तार
शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े दो अन्य अभियुक्त गिरफ्तार
लखनऊ, 18 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े एक आतंकी नेटवर्क के दो कथित संचालकों को गिरफ्तार किया है । अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित संचालकों के संपर्क में थे, और उनके इशारे पर आतंकी वारदातों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
उन्होंने बताया कि दोनों की पहचान मोहम्मद उमर एवं फैजान के तौर पर की गयी है और दोनों प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अकबरपुर गांव के रहने वाले हैं।
एटीएस ने बृहस्पतिवार को एक बयान जारी कर कहा कि इन आरोपियों को 17 जून को खुफिया सूचना के आधार पर बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया।
एजेंसी को सूचना मिली थी कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के इशारे पर काम कर रहे पाकिस्तानी गैंगस्टर- शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट विभिन्न सोशल मीडिया मंच के जरिए भारतीय युवाओं को भर्ती करने का प्रयास कर रहे हैं।
युवाओं को देश का सामाजिक सौहार्द, एकता, संप्रभुता और सुरक्षा बिगाड़ने के लिए कथित तौर पर आर्थिक प्रोत्साहन से लुभाया जा रहा था।
बयान में कहा गया है कि जांच के दौरान एटीएस ने पाया कि ये दोनों आरोपी व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम के जरिए शहजाद भट्टी, आबिद जट्ट, हम्माद बरकती और राणा हुसैन के संपर्क में थे और देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त थे।
एटीएस ने कहा कि दोनों को पाकिस्तानी गैंगस्टर आबिद जट्ट के फोटो लगे पोस्टर बुलंदशहर में विभिन्न स्थानों पर चस्पा करने का निर्देश दिया गया था जिससे आतंक का माहौल तैयार किया जा सके।
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने बुलंदशहर में कई स्थानों पर ये पोस्टर लगाने की बात स्वीकार की। साथ ही इन आरोपियों को लखनऊ में सेना की छावनी और प्रयागराज के बमरौली में वायुसेना स्टेशन की रेकी करने का काम भी सौंपा गया था जिसके लिए इन्हें कथित तौर पर 10,000 रुपये की पेशकश की गई थी।
अधिकारियों ने कहा कि इन आरोपियों द्वारा आबिद जट्ट के 55 पोस्टर चस्पा करते बनाया गया वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्य इनके कब्जे से बरामद किए गए हैं। लखनऊ में एटीएस पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच चल रही है।
एटीएस ने कहा कि इन गिरफ्तारियों से पूर्व इस नेटवर्क के संबंध में पांच मामले पहले ही दर्ज किए गए हैं और कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उमर और फैजान की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़ गई है।
भाषा राजेंद्र पारुल रंजन
रंजन

Facebook


