लखनऊ में जिला बदर घोषित दो व्यक्ति गिरफ्तार, बकरीद मनाने घर आया था एक आरोपी

Ads

लखनऊ में जिला बदर घोषित दो व्यक्ति गिरफ्तार, बकरीद मनाने घर आया था एक आरोपी

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 09:04 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 09:04 PM IST

लखनऊ, 28 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जिला बदर घोषित दो व्यक्तियों को आदेश का उल्लंघन कर जिले की सीमा में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में कनकहा मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम फत्तेखेड़ा निवासी मोहित कुमार और सारिख खान उर्फ शारिक, चोरी-छिपे अपने घर आते-जाते रहते हैं और इस समय गांव में मौजूद हैं। दोनों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है।

सूचना मिलने पर पुलिस की टीम तत्काल ग्राम फत्तेखेड़ा पहुंची, जहां मोहित कुमार के घर के बाहर दोनों आरोपी मौजूद मिले।

पूछताछ के दौरान सारिख खान ने बताया कि वह बकरीद का त्योहार मनाने घर आया था, जबकि मोहित कुमार ने कहा कि वह अपनी पत्नी से मिलने आया था।

पुलिस ने बताया कि दोनों से बिना सक्षम अनुमति के जनपद की सीमा में प्रवेश करने के संबंध में पूछताछ की गई, जिस पर उन्होंने अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगी।

पुलिस के अनुसार, सारिख खान को उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत 13 मई 2026 को जारी आदेश के अंतर्गत छह माह के लिए जिला बदर घोषित किया गया था। वहीं, मोहित कुमार को 17 दिसंबर 2025 को जारी आदेश के तहत जिला बदर किया गया था।

भाषा

राजेंद्र रवि कांत