बहराइच में किसान से रिश्वत लेने के आरोप में दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी निलंबित

बहराइच में किसान से रिश्वत लेने के आरोप में दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी निलंबित

बहराइच में किसान से रिश्वत लेने के आरोप में दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी निलंबित
Modified Date: February 3, 2026 / 12:01 pm IST
Published Date: February 3, 2026 12:01 pm IST

बहराइच (उप्र), तीन फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक किसान से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में एक उप निरीक्षक (दरोगा) समेत दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने एक बयान में यह जानकारी दी।

बहराइच पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय से सोमवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि मोतीपुर थाना क्षेत्र के तहत मटेही कला निवासी निजामुद्दीन ने देवीपाटन मंडल के महानिरीक्षक (आईजी) कार्यालय में भ्रष्टाचार निरोधक प्रकोष्ठ में शिकायत दर्ज कराई थी।

बयान के अनुसार, किसान ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसके मकान के बरामदे में गड्ढा बना हुआ था और उसकी बेटी की शादी थी इसलिए गड्ढे को भरने के लिए बीती सात जनवरी को वह ठेला गाड़ी में मिट्टी भरकर ला रहे थे। रास्ते में मोतीपुर थाने के पुलिस उपनिरीक्षक अमरेश गिरी और हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र यादव ने उन्हें रोका और अवैध खनन के मामले में फंसाने की धमकी दी।

आरोप है कि निजामुद्दीन को छोड़ने के एवज में उनसे 30 हजार रुपये की रिश्वत ली गई।

बयान के मुताबिक, ‘‘भ्रष्टाचार निरोधक इकाई और पुलिस क्षेत्राधिकारी से कराई गई जांच में शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए गये। इसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।’’

भाषा सं आनन्द गोला

गोला


लेखक के बारे में