बिहार के मुजफ्फरपुर में जीप ने दो पुलिसकर्मियों को रौंदा, एक की मौत
बिहार के मुजफ्फरपुर में जीप ने दो पुलिसकर्मियों को रौंदा, एक की मौत
मुजफ्फरपुर (बिहार), नौ अगस्त (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक जीप ने बिहार पुलिस के दो जवानों को रौंद दिया जिससे एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
मुजफ्फरपुर की पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुचित्रा कुमारी ने बताया कि घटना शनिवार शाम की है जब मोतीपुर थाने में तैनात बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के सिपाही भार्गव भूषण और एक उपनिरीक्षक बाजार जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार जीप ने दोनों पुलिसकर्मियों को रौंद दिया। हादसे में भूषण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपनिरीक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को टक्कर मारने के बाद जीप सड़क किनारे स्थित एक ढाबे से जा टकराई, जिससे उसका मालिक भी घायल हो गया। इसके बाद कुछ दूरी पर जीप सड़क किनारे एक गड्ढे में पलट गई।
डीएसपी ने बताया कि घायल उपनिरीक्षक और ढाबा मालिक को मोतीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में दोनों को बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस ने जीप चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।’’
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


