झारखंड तीर्थयात्रा पर गये गोरखपुर वासी का शव बिहार में बरामद, परिजन ने किया प्रदर्शन

झारखंड तीर्थयात्रा पर गये गोरखपुर वासी का शव बिहार में बरामद, परिजन ने किया प्रदर्शन

झारखंड तीर्थयात्रा पर गये गोरखपुर वासी का शव बिहार में बरामद, परिजन ने किया प्रदर्शन
Modified Date: August 8, 2026 / 11:36 pm IST
Published Date: August 8, 2026 11:36 pm IST

गोरखपुर (उप्र), आठ अगस्त (भाषा) झारखंड के बाबा धाम की तीर्थयात्रा पर गये गोरखपुर निवासी एक युवक का शव बिहार के बांका जिले में पाया गया। परिजनों ने शनिवार को शव सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान बिछिया जंगल तुलसीराम इलाके के मल्लाह टोला के रहने वाले बजरंगी के तौर पर हुई है। वह गत तीन अगस्त को कुछ लोगों के साथ झारखंड के देवघर के लिए निकला था। उसके साथ गए लोगों के मुताबिक यात्रा के दौरान वह पीछे छूटने के बाद लापता हो गया था।

सूत्रों ने बताया कि बजरंगी का शव गत छह अगस्त को बिहार के बांका जिले के कटारिया इलाके में एक सुनसान जगह पर पाया गया था, जो देवघर की सीमा से सटा है। उन्होंने बताया कि बजरंगी का शव शुक्रवार शाम गोरखपुर लाया गया, जिससे उसके परिजन और इलाके के लोगों में रोष देखा गया।

सूत्रों ने बताया कि शनिवार सुबह बजरंगी की गर्भवती पत्नी तथा अन्य परिजन ने चारफाटक ओवरब्रिज के पास सड़क पर शव रखकर करीब एक घंटे तक रास्ता जाम किया और मामले की गहराई से जांच की मांग की।

परिजन का आरोप है कि बजरंगी की हत्या करके उसका शव दूसरी जगह पर फेंक दिया गया।

सूत्रों के मुताबिक सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को हर संभव मदद और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।

बताया जा रहा है कि बजरंगी के साथ तीर्थयात्रा पर गए कुछ लोग अभी नहीं मिल रहे हैं, जिससे परिवार का शक और बढ़ गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रवि कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और उसके आधार पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं. सलीम शफीक

शफीक


लेखक के बारे में