बलिया में सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत

बलिया में सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत

बलिया में सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत
Modified Date: June 21, 2026 / 02:49 pm IST
Published Date: June 21, 2026 2:49 pm IST

बलिया (उप्र) 21 जून (भाषा) बलिया जिले के सिकन्दरपुर थानाक्षेत्र में मिर्जापुर गांव के समीप एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक और उसके रिश्तेदार की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार करमौता गांव का धर्मेंद्र यादव (20) अपनी बुआ के लड़के सोनू यादव (18) के साथ शनिवार रात लगभग 11 बजे मोटरसाइकिल से सिकन्दरपुर से अपने घर लौट रहा था।

उसने बताया कि मिर्जापुर गांव के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने धमेंद्र की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, फलस्वरूप दोनों युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सिकन्दरपुर) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने धर्मेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया और सोनू यादव की गम्भीर स्थिति को देख उसे अन्य अस्ताल ले जाने की सलाह दी।

पुलिस के मुताबिक परिजन सोनू को इलाज के लिए मऊ ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। सोनू मनियर थाना क्षेत्र के बड़की बारी गांव का रहने वाला था।

थाना प्रभारी मूल चंद्र चौरसिया ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है तथा अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

चौरसिया ने कहा कि पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

भाषा सं आनन्द रंजन राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में