‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पेड़ लगाने के साथ उनका संरक्षण किया जाना भी जरूरी : जयंत
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पेड़ लगाने के साथ उनका संरक्षण किया जाना भी जरूरी : जयंत
बागपत, 12 जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए रविवार को कहा कि सिर्फ पौधे लगाना काफी नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण किया जाना भी उतना ही जरूरी है।
केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बड़ौत स्थित बाबा शाहमल स्टेडियम में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के साथ-साथ पौधों की देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।
जयंत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘लाइफ’ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) पहल को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है और संयुक्त राष्ट्र ने इस पहल की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के सिलसिले में प्रस्ताव पारित किया है।
जयंत ने कहा कि जब किसी अभियान से लोगों की भावनाएं जुड़ जाती हैं, तो वह खुद जन आंदोलन का रूप ले लेता है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति, परिवार और समाज को जोड़ने का सशक्त जरिया है।
जयंत ने नागरिकों का आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण मिल सके।
भाषा
सं सलीम पारुल
पारुल

Facebook


