पूरे उत्तर प्रदेश में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति जारी : इंडियन आयल कारपोरेशन

Ads

पूरे उत्तर प्रदेश में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति जारी : इंडियन आयल कारपोरेशन

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 10:36 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 10:36 PM IST

लखनऊ, 19 मई (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच तेल और गैस क्षेत्र पर पड़ रहे मौजूदा वैश्विक अनिश्चितताओं के प्रभाव के बावजूद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने पूरे उत्तर प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति का दावा किया है।

‘इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड’ के राज्य स्तरीय समन्वयक संजय भंडारी ने मंगलवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल पूरे उत्तर प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और ‘लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस’ की निर्बाध आपूर्ति बनाए हुए हैं।

उन्होंने कहा कि तेल उ‌द्योग अपने व्यापक आपूर्ति नेटवर्क के माध्यम से ईंधन की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से तैयार है, जिसमें टर्मिनल, डिपो, ‘एलपीजी बॉटलिंग प्लांट’ और ‘रिटेल आउटलेट’ शामिल हैं।

भंडारी ने बयान में कहा कि सभी केंद्रों पर ईंधन वितरण सुचारू रूप से चल रहा है और पूरी आपूर्ति श्रृंखला में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को रसोई गैस की आपूर्ति भी सामान्य रूप से जारी है और राज्य भर में वितरण सुचारू रूप से चल रहा है।

भंडारी ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां नागरिकों को निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रसद, स्टॉक की स्थिति और वितरण योजना पर मिलकर काम कर रही हैं।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से घबराकर खरीदारी न करें।

भाषा सलीम राजकुमार

राजकुमार