आगरा (उप्र), तीन जून (भाषा) आगरा जिले में पुलिस ने लूट के एक मामले में पिछले करीब 25 साल से फरार एक आरोपी को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
अधिकारियों के मुताबिक सोमवार को गिरफ्तार किया गया सैमुअल आठ नवंबर 2002 को लोहा मंडी इलाके में हुई लूट की एक घटना के मामले में वांछित था, जिसे उसने अपने दो साथियों की मदद से अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि उसके बाद से वह फरार था। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस उपायुक्त (नगर) अली अब्बास ने बुधवार को बताया कि लूट के मामले में आरोपी सैमुअल को पुलिस कई वर्षों से तलाश कर रही थी लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा था लेकिन इसी बीच पुलिस को सैमुअल की 25 साल पुरानी एक तस्वीर मिली थी जिसे एआई की मदद से कई सोशल मीडिया मंचों पर तलाशा गया।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया में सैमुअल से मिलती-जुलती एक तस्वीर मिली और उसी तस्वीर के जरिए कई सोशल मीडिया साइट को खंगाला गया तो पता चला कि दिल्ली में एक कार का चालान हुआ था जो सैमुअल की पत्नी के नाम से था।
अब्बास ने बताया कि कार के चालान के आधार पर आगरा पुलिस ने दिल्ली जाकर करीब एक महीने तक टोह ली जिसके बाद दिल्ली के नांगलोई से सैमुअल को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि लूट की वारदात करने के बाद सैमुअल ने कई ठिकाने और नाम बदले और वह कुछ सालों से दिल्ली में छुपकर रह रहा था।
भाषा सं सलीम मनीषा अमित
अमित