उप्र: पेट्रोल पंप पर तेल नहीं दिये जाने के कारण समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच पाई अस्पताल, मरीज की मौत

उप्र: पेट्रोल पंप पर तेल नहीं दिये जाने के कारण समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच पाई अस्पताल, मरीज की मौत

उप्र: पेट्रोल पंप पर तेल नहीं दिये जाने के कारण समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच पाई अस्पताल, मरीज की मौत
Modified Date: April 25, 2026 / 07:15 pm IST
Published Date: April 25, 2026 7:15 pm IST

बलिया, 25 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पेट्रोल पंप पर पेट्रोल न मिलने के कारण एक निजी एंबुलेंस समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सकी और देर हो जाने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गयी। इस मामले में पेट्रोल पंप प्रबंधक के खिलाफ शनिवार को नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, पूर्ति निरीक्षक इंद्रेश कुमार तिवारी की तहरीर पर बैरिया थाने में टेंगरही स्थित ‘मेसर्स भूषण सर्विस स्टेशन’ के प्रबंधक अशोक कुमार भारती के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) देव मणि मिश्र ने बताया कि बुधवार रात बैरिया के पांडेपुर गांव निवासी छट्ठू शर्मा (50) की तबीयत अचानक बिगड़ी और परिजन उन्हें निजी एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि तभी रास्ते में पेट्रोल खत्म होने से एम्बुलेंस बंद हो गई।

उन्होंने बताया कि परिजनों ने टेंगरही के पेट्रोल पंप से तेल देने का अनुरोध किया लेकिन संचालक ने पेट्रोल न होने का हवाला देकर इनकार कर दिया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि समय पर अस्पताल न पहुंच पाने से रास्ते में ही छट्ठू की मौत हो गई।

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि 22 अप्रैल की रात 9:21 बजे एंबुलेंस पंप पर पहुंची थी और सीसीटीवी फुटेज से इसकी पुष्टि हुई है।

उन्होंने बताया कि पंप प्रबंधक ने जांच में स्वीकार किया कि एंबुलेंस आई थी और चालक ने पेट्रोल मांगा था लेकिन स्टॉक न होने की बात कहकर तेल नहीं दिया गया, जिसकी वजह से एंबुलेंस करीब 15 मिनट खड़ी रही।

अधिकारी ने बताया कि जांच में पंप पर 22 अप्रैल को स्टॉक मिला और कुल साढ़े आठ हजार लीटर से अधिक पेट्रोल उपलब्ध होने के बावजूद एंबुलेंस को तेल नहीं दिया गया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी के नेतृत्व में एसडीएम बैरिया और जिला पूर्ति अधिकारी ने जांच की तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया गया।

बैरिया के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है और आरोपी प्रबंधक की तलाश जारी है।

जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, तेल कंपनी से पंप के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया जाएगा।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में