गाजियाबाद (उप्र), 24 जून (भाषा) गाजियाबाद के अंकुर विहार इलाके में मंगलवार देर रात दो समूहों के बीच विवाद के बाद 22 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र के जीवन गेट निवासी आफताब के रूप में हुई। जीवन गेट कॉलोनी निवासी शकील अपने परिवार के साथ रहते हैं और उनका बेटा आफताब ऑटो चलाता था।
पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्रनाथ तिवारी के अनुसार, आफताब 23 और 24 जून की दरमियानी रात को अपने एक दोस्त के साथ अंकुर विहार इलाके में आया था, जब उसका कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया।
विवाद जल्द ही जय विहार अंडरपास के पास दो समूहों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान आफताब का साथी मौके से भाग गया, जबकि हमलावरों ने आफताब पर कई बार चाकू से कथित तौर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हमला करने के बाद आरोपी मौके से भाग गए।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आफताब को दिल्ली के जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तिवारी ने कहा कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस ने कहा कि वे कई कोणों से मामले की जांच कर रहे हैं और आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
भाषा सं जफर मनीषा
मनीषा