उप्र भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने की अर्थव्यवस्था पर राहुल गांधी की टिप्पणियों की आलोचना
उप्र भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने की अर्थव्यवस्था पर राहुल गांधी की टिप्पणियों की आलोचना
लखनऊ, 19 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने मंगलवार को अर्थव्यवस्था को लेकर की गईं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों को ‘निराशा, भ्रम और राजनीतिक हताशा’ से प्रेरित बताया।
उन्होंने दावा किया कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
गांधी ने मंगलवार को अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली के दौरे के दौरान दावा किया था कि भारत को एक ‘आर्थिक झटका’ लगने वाला है और इसका बुरा असर ‘अदाणी, अंबानी या मोदी’ पर नहीं, बल्कि युवाओं, मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा।
गांधी ने संवाददाताओं से कहा, ”बहुत, बहुत मुश्किल समय आने वाला है। एक बड़ा आर्थिक तूफान आने वाला है, जो पिछले अनेक सालों से नहीं देखा गया है।”
चौधरी ने गांधी के दावों पर पलटवार करते हुए एक बयान में आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद लगातार लोगों के बीच डर और भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं जबकि सच्चाई यह है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भी भारत मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
बयान के अनुसार उन्होंने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भारत की आर्थिक प्रगति की सराहना कर रही हैं, विदेशी निवेश लगातार बढ़ रहा है, बुनियादी ढांचे का विकास रिकॉर्ड गति से हो रहा है और लाखों युवाओं के लिए स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, ”जहां एक ओर मोदी सरकार गरीबों के कल्याण, किसानों की आय बढ़ाने, एमएसएमई को मजबूत करने और आत्मनिर्भर भारत के विजन को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है, वहीं कांग्रेस पार्टी केवल नकारात्मक राजनीति में लगी हुई है।”
भाषा सलीम जोहेब
जोहेब

Facebook


