जालौन, 28 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में धर्मांतरण के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कई लोगों को प्रलोभन देकर लखनऊ में आयोजित एक ईसाई प्रार्थना सभा में ले जाया जा रहा था।
क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र कुमार बाजपेयी ने बताया कि कुठौंद निवासी पंकज शुक्ला ने 27 मई को स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सिरसाकलार गांव निवासी विवेक कुमार, हीरापुरा गांव निवासी मोहित चौधरी और ऊद गांव निवासी अमित उत्तर प्रदेश तथा मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से लोगों को लखनऊ में आयोजित ईसाई प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए ले जा रहे थे।
शिकायत के अनुसार, समूह में जालौन जिले की नौ महिलाएं और चार पुरुष, औरैया की दो महिलाएं, इटावा की दो महिलाएं, कन्नौज की एक महिला तथा मध्यप्रदेश के भिंड जिले की चार महिलाएं शामिल थीं।
अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि इन लोगों का धर्मांतरण कराने का प्रयास किया जा सकता है।
बाजपेयी ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा
सं, राजेंद्र रवि कांत