जालौन (उप्र), 26 जून (भाषा) जालौन जिले के कोटरा थाना क्षेत्र में बालू से लदे तेज रफ्तार डंपर ने मुहर्रम से लौट रहे मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब दो बजे यह हादसा हुआ। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
कोटरा थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विमलेश कुमार ने बताया कि कोटरा कस्बे के गणेशगंज निवासी बरकत (22) पुत्र नासिर खान, सौरभ खान (23) पुत्र हाफिज इस्माइल और तालपुरा निवासी अरबाज शाह (20) पुत्र मुराद अली शाह मुहर्रम के मौके पर उरई गए थे।
उन्होंने बताया कि देर रात मोटरसाइकिल से लौटते समय एट रोड से कोटरा आते वक्त डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बरकत और सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरबाज गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर थाना प्रभारी विमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
भाषा सं आनन्द वैभव
वैभव