उप्र : कक्षा आठ की छात्रा ने दुष्कर्म के बाद लगायी फांसी, आरोपी गिरफ्तार
उप्र : कक्षा आठ की छात्रा ने दुष्कर्म के बाद लगायी फांसी, आरोपी गिरफ्तार
बरेली (उप्र), छह मई (भाषा) बरेली जिले में 11 साल की एक लड़की द्वारा अपने साथ हुई दुष्कर्म के वारदात के बाद कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या किये जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 27 अप्रैल को मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली कक्षा आठ की छात्रा को जीशान नामक युवक कथित तौर पर बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ बेहद क्रूरता से दुष्कर्म किया था। उन्होंने बताया कि इस घटना से बुरी तरह सदमे में आई लड़की ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी।
सूत्रों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ हुई क्रूरता की वारदात सामने आई है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट में लड़की के शरीर पर यौन उत्पीड़न और कई शारीरिक चोटों की पुष्टि हुई है, जिनमें दांत से काटने के निशान और नाखूनों से खरोंचें शामिल हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अंशिका वर्मा के अनुसार, शुरू में लड़की के परिवार ने मौत को आत्महत्या बताया था और पुलिस कार्रवाई करने से हिचकिचाहट दिखायी थी मगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म का खुलासा होने के बाद उन्होंने इस सिलसिले में रिपोर्ट दर्ज करायी थी।
उन्होंने बताया कि पीड़िता की छोटी बहन ने पुलिस को बताया था कि जीशान (26) अक्सर पीड़िता के स्कूल के पास वाले इलाके में आता-जाता रहता था और वह कथित तौर पर वह उसे कुछ रुपये देता था ताकि वह पीड़िता के साथ उसकी मुलाकातों के बारे में अपने माता-पिता को न बताए।
वर्मा ने बताया, ”तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और परिवार के बयानों के आधार पर हमने जीशान को मंगलवार को मीरगंज साप्ताहिक बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।”
भाषा सं. सलीम मनीषा
मनीषा

Facebook


