उप्र की राज्यपाल ने सरकारी योजनाएं अंतिम छोर तक पहुंचाए जाने, गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया

उप्र की राज्यपाल ने सरकारी योजनाएं अंतिम छोर तक पहुंचाए जाने, गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया

उप्र की राज्यपाल ने सरकारी योजनाएं अंतिम छोर तक पहुंचाए जाने, गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया
Modified Date: February 26, 2026 / 10:09 pm IST
Published Date: February 26, 2026 10:09 pm IST

लखनऊ, 26 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सरकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाए जाने और सार्वजनिक अवसंरचना परियोजनाओं में गुणवत्ता सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता पर बृहस्पतिवार को जोर दिया।

पटेल ने सोनभद्र और मिर्जापुर जिलों का दौरा किया।

सोनभद्र में जन भवन (पूर्व में राजभवन) द्वारा जारी बयान के अनुसार, राज्यपाल ने कलेक्ट्रेट परिसर में नवनिर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल वाटिका का उद्घाटन किया और वित्तीय समावेशन जागरूकता शिविर की शुरुआत की।

उन्होंने शिविर में बैंकों, राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड), ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरएसईटीआई), इंडियन बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और किसान-उत्पादक संगठनों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का भी निरीक्षण किया।

पटेल ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए कि सरकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विभिन्न योजनाओं के लिए किए गए बजटीय आवंटन का ‘‘समयबद्ध तरीके से उपयोग’’ किया जाना चाहिए, ताकि लाभ लक्षित लाभार्थियों तक बिना देरी पहुंचे।

बयान के अनुसार, उन्होंने राजस्व विभाग को लंबित भूमि अभिलेख (खतौनी) मामलों का शीघ्र निपटारा करने का निर्देश दिया और “माफिया और प्रभावशाली लोगों” द्वारा भूमि अतिक्रमण रोकने के लिए विभागों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्री-स्कूल किट, पोषण अभियान के तहत पोषण किट, आयुष्मान कार्ड, वनाधिकार पट्टे और मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सहित अन्य प्रमाणपत्र और सामग्री वितरित की।

उन्होंने 10 अनाथ बच्चों को ग्यारह-ग्यारह सौ रुपये का चेक भी सौंपा।

बयान के अनुसार, इसके बाद, मिर्जापुर में राज्यपाल ने मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय का दौरा किया और वहां जारी निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

पटेल ने कर्मचारियों के परिवारों के बच्चों के एक विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों से बातचीत की और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए स्कूल बैग और पाठ्यपुस्तकें वितरित कीं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विश्वविद्यालय परिसर में हरसिंगार के पौधे सहित कई पौधे भी लगाए।

उन्होंने तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष पटेल और स्थानीय विधायकों की मौजूदगी में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और संबद्ध महाविद्यालयों का आकलन करने के लिए एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

राज्यपाल ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से इस बात का विवरण मांगा कि निर्माण कार्य का कितना प्रतिशत काम पूरा हुआ, कितनी राशि स्वीकृत हुई, कितनी राशि मिली और कितना व्यय हुआ।

पटेल ने सोनभद्र के दौरे में कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की।

राज्यपाल ने सोनभद्र में समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि जनपद के दुरूह एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं में प्रसव हेतु प्रेरित किया जाए।

राज्यपाल ने जनपद में टीबी मुक्त ग्रामों की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा करते हुए राज्यपाल ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण गरम भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

भाषा जफर

सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में