उप्र: मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर सैकड़ों विद्यार्थियों ने किया विरोध प्रदर्शन
उप्र: मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर सैकड़ों विद्यार्थियों ने किया विरोध प्रदर्शन
फतेहपुर, 28 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के एक सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेज के सैकड़ों विद्यार्थियों ने मूलभूत सुविधाओं की कथित तौर पर कमी को लेकर मंगलवार को करीब पांच घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया।
इसके बाद शिक्षा अधिकारियों ने उन्हें 24 घंटे के भीतर सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
एक अधिकारी ने बताया कि तख्तियां और डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीरें लेकर तथा तिरंगा लहराते हुए सर्वोदय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सुबह सात बजे कॉलेज का गेट खुलते ही प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि खराब सुविधाओं को लेकर बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद पिछले कई महीनों से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने दावा किया कि कॉलेज में स्वच्छ पेयजल, बिजली, पंखे, पर्याप्त फर्नीचर, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, खेल सुविधाओं और साफ-सफाई वाले शौचालयों की कमी है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ पंखे असुरक्षित स्थिति में हैं और पहले भी विद्यार्थियों को बिजली के झटके लग चुके हैं।
विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन पर प्रवेश के समय कथित रूप से अनधिकृत धन वसूली और अंक पत्र एवं अन्य दस्तावेज जारी करने के नाम पर पैसे लेने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदर्शन जारी रखा जाएगा। प्रदर्शन में कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थी शामिल हुए।
प्रधानाचार्य लाल बहादुर सिंह और किशनपुर थाना प्रभारी मनीष सिंह ने शुरुआत में विद्यार्थियों को समझाकर प्रदर्शन समाप्त कराने का प्रयास किया लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।
बाद में जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार के कॉलेज परिसर पहुंचने के बाद दोपहर में प्रदर्शन समाप्त हुआ।
उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत की और लंबित समस्याओं का 24 घंटे के भीतर समाधान करने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद बच्चों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि कॉलेज प्रशासन उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सुविधाओं में सुधार का प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास सभी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त धनराशि नहीं है।’’
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने कहा कि पेयजल, बैठने के लिए फर्नीचर और कंप्यूटर लैब जैसी सुविधाओं की व्यवस्था जल्द की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अनधिकृत शुल्क वसूली के आरोपों की जांच की जाएगी और अनियमितता पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


