उप्र: पुलिस ने बंगाल से पशु तस्कर को गिरफ्तार किया, 100 करोड़ रुपये के लेन-देन का खुलासा

उप्र: पुलिस ने बंगाल से पशु तस्कर को गिरफ्तार किया, 100 करोड़ रुपये के लेन-देन का खुलासा

उप्र: पुलिस ने बंगाल से पशु तस्कर को गिरफ्तार किया, 100 करोड़ रुपये के लेन-देन का खुलासा
Modified Date: July 20, 2026 / 04:34 pm IST
Published Date: July 20, 2026 4:34 pm IST

सोनभद्र, 20 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस ने पशु तस्करी के मामले में वांछित एक आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने पशु तस्करी से जुड़े नेटवर्क द्वारा विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से किए गए 80 से 100 करोड़ रुपये के लेनदेन का भी खुलासा करने का दावा किया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने पशु तस्करी में कथित रूप से शामिल पश्चिम बंगाल के हुगली निवासी राजा कुरैशी उर्फ हसीन कुरैशी (32) को गिरफ्तार कर सोमवार को सोनभद्र की अदालत में पेश किया।

उन्होंने बताया कि राजा कुरैशी द्वारा कुछ बैंक खातों में 49,000 और 99,000 रुपये की धनराशि जमा की जाती थी, जो कई खातों से होते हुए बिहार के भभुआ निवासी कुछ लोगों के खातों तक पहुंचती थी।

अधिकारी ने बताया कि इस धनराशि को एटीएम और यूपीआई के माध्यम से निकालकर पशु तस्करों तक पहुंचाया जाता था।

वर्मा ने बताया कि इस तरह की बड़ी धनराशि का लेनदेन जनसेवा केंद्रों के माध्यम से भी किया जाता था।

उन्होंने बताया कि पशु तस्करी के मामले में पूर्व में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान सामने आया कि अवैध गौ वंश तस्करी एक संगठित गिरोह के माध्यम से की जा रही थी।

वर्मा ने बताया कि जांच में पता चला कि तस्करी से प्राप्त धन को विभिन्न व्यक्तियों और व्यावसायिक खातों के माध्यम से अंतरित कर तस्करों तक पहुंचाया जाता था, ताकि उनकी पहचान छिपाई जा सके।

उन्होंने बताया कि अब तक 25 से अधिक बैंक खातों की जांच की जा चुकी है, जिसमें 80 से 100 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला है।

अधिकारी ने बताया कि इससे पहले आरोपी रिशु यादव उर्फ विकास यादव को गिरफ्तार किया गया था।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में