उप्र : ‘गीडा’ में प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन से पहले नजरबंद किए गए सपा नेता

उप्र : ‘गीडा’ में प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन से पहले नजरबंद किए गए सपा नेता

उप्र : ‘गीडा’ में प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन से पहले नजरबंद किए गए सपा नेता
Modified Date: May 20, 2026 / 10:29 pm IST
Published Date: May 20, 2026 10:29 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 20 मई (भाषा) गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में प्रदूषण और अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले जिला प्रशासन ने पार्टी के कई नेताओं को नजरबंद कर दिया।

पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस की टीम मंगलवार रात सपा नेताओं के घरों पर पहुंची और उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया।

उन्होंने बताया कि नजरबंद किए गए सपा नेताओं में काजल निषाद, सपा के पूर्व जिला अध्यक्ष नगीना साहनी, पूर्व विधायक यशपाल रावत, ज़िला महासचिव रामनाथ यादव, जिला उपाध्यक्ष गिरीश यादव और सहजनवा विधानसभा क्षेत्र की सपा इकाई अध्यक्ष मनीष कमांडो शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि सपा जिला अध्यक्ष ब्रजेश गौतम को भी कुछ समय के लिए हिरासत में लिया गया था लेकिन बाद में उन्हें लखनऊ में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाने की अनुमति दे दी गई।

पुलिस के मुताबिक समाजवादी पार्टी ने गीडा क्षेत्र में मौजूद फैक्टरियों से कथित प्रदूषण, भूजल स्तर में गिरावट और मज़दूरों से जुड़े मुद्दों के खिलाफ प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने की घोषणा करने के साथ-साथ सोशल मीडिया के जरिये कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी।

पुलिस की कार्रवाई से नाराज सपा नेताओं ने प्रशासन पर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया।

पार्टी की गोरखपुर जिला इकाई के महासचिव रामनाथ यादव ने आरोप लगाया कि फैक्टरियों से निकलने वाला धुआं और राख वहां के निवासियों के जीवन पर बुरा असर डाल रहा है।

काजल निषाद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम डरने वाले लोग नहीं, लड़ने वाले लोग हैं। हमारा संघर्ष जारी रहेगा।’’

भाषा सं सलीम

धीरज

धीरज


लेखक के बारे में