उप्र : प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सड़क किनारे शिविर में गुजारी रात

Ads

उप्र : प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सड़क किनारे शिविर में गुजारी रात

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 01:11 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 01:11 PM IST

कन्नौज (उप्र), चार जून (भाषा) स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कन्नौज में प्रशासन द्वारा एक निजी स्कूल में ठहरने की अनुमति नहीं दिए जाने के आरोप के बाद सड़क किनारे बने अस्थायी शिविर में रात बिताई।

गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग को लेकर ‘गो-विष्टि यात्रा’ पर निकले अविमुक्तेश्वरानंद बुधवार को यहां पहुंचे थे।

उनके सहयोगियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का रात्रि विश्राम छिबरामऊ के सलेमपुर स्थित आशा पब्लिक स्कूल में प्रस्तावित था।

उन्होंने आरोप लगाया कि शाम के समय प्रशासन ने उन्हें सूचित किया कि वहां ठहरने की अनुमति नहीं दी गई है।

सहयोगियों ने बताया कि अनुमति नहीं मिलने के बाद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने पाल चौराहे पर बनाए गए स्वागत स्थल पर रुकने का निर्णय लिया, जहां उनके लिए एक अस्थायी शिविर स्थापित किया गया।

उन्होंने बताया कि पूरी रात वहां पुलिस बल भी तैनात रहा।

उनके सहयोगियों के अनुसार, भीषण गर्मी के बावजूद शिविर स्थल पर रोशनी और पंखों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने बृहस्पतिवार सुबह फर्रुखाबाद रवाना होने से पहले संवाददाताओं से कहा कि उनकी यात्रा अब तक लगभग 150 विधानसभा क्षेत्रों से गुजर चुकी है और आगे भी जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य गाय को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना तथा गो-रक्षा, गो-संरक्षण और धार्मिक मूल्यों के प्रति जागरुकता फैलाना है।

खुद को ज्योतिर्मठ का शंकराचार्य बताने वाले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती इसी वर्ष जनवरी में प्रयागराज के माघ मेले के दौरान भी चर्चा में रहे थे। पुलिस द्वारा उनकी रथ यात्रा रोके जाने के बाद विवाद उत्पन्न हुआ था। इसके बाद मेला प्रशासन ने उन्हें आधी रात को नोटिस जारी कर ‘शंकराचार्य’ की उपाधि के उपयोग के उनके कानूनी अधिकार पर सवाल उठाया था।

प्रशासन का कहना था कि शंकराचार्य की उपाधि को लेकर अविमुक्तेश्वरानंद से संबंधित मामला उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन है।

बाद में एक विशेष पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अदालत ने पुलिस को अविमुक्तेश्वरानंद और उनके कुछ शिष्यों के खिलाफ नाबालिग लड़कों से यौन उत्पीड़न के आरोपों में मामला दर्ज करने का आदेश दिया था।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताते हुए उन्हें बदनाम करने की साजिश करार दिया था और अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए सार्वजनिक रूप से ‘नार्को-एनालिसिस’ परीक्षण कराने की पेशकश की थी।

इससे पहले, जनवरी 2024 में उन्होंने अयोध्या स्थित राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने से यह कहते हुए इनकार कर दिया था कि मंदिर का निर्माण कार्य उस समय पूर्ण नहीं हुआ था और उनके अनुसार ऐसी स्थिति में प्राण-प्रतिष्ठा करना शास्त्रों के नियमों के अनुरूप नहीं था।

भाषा सं सलीम मनीषा खारी

खारी