उप्र : जनगणना कार्य में अपना मोबाइल बंद कर लापरवाही बरतने पर शिक्षक निलंबित
उप्र : जनगणना कार्य में अपना मोबाइल बंद कर लापरवाही बरतने पर शिक्षक निलंबित
बलिया (उप्र), नौ जून (भाषा) जनगणना कार्य में अपना मोबाइल बंद कर घोर लापरवाही बरतने पर एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। शिक्षा विभाग के अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि सोहांव शिक्षा क्षेत्र के ईटहीं गांव के कम्पोजिट विद्यालय के शिक्षक विनोद कुमार की ड्यूटी जनगणना कार्य में प्रगणक के रूप में लगी है।
बलिया के तहसीलदार ने गत छह जून को अवगत कराया है कि शिक्षक विनोद कुमार प्रगणक के रूप में अपने कर्तव्य का निर्वहन नहीं कर रहे हैं और जनगणना का कोई कार्य नहीं किया जा रहा है। बार – बार कहने के बावजूद यह कार्य शुरु नहीं कर रहे हैं।
जनगणना के सम्बंधित अधिकारी और तहसीलदार द्वारा इनसे सम्पर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन इनका मोबाइल स्विच ऑफ होने के कारण संपर्क नहीं हो सका। इनके द्वारा जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में घोर लापरवाही बरती जा रही है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सिंह ने बताया कि आरोपों के गम्भीर होने के मद्देनजर शिक्षक विनोद कुमार को सोमवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए इनके विरुद्ध अनुशानिक जांच प्रचलित की गई है।
सीयर के खंड शिक्षा अधिकारी सुनील चौबे को जांच अधिकारी बनाया गया है। शिक्षक विनोद कुमार को निलंबन अवधि में सोहांव शिक्षा क्षेत्र के रामपुर प्राथमिक विद्यालय से संबद्ध किया गया है।
भाषा सं जफर मनीषा रंजन
रंजन

Facebook


