उप्र : देवरिया में ट्रक और टैंकर की टक्कर में दो व्यक्तियों की मौत
उप्र : देवरिया में ट्रक और टैंकर की टक्कर में दो व्यक्तियों की मौत
देवरिया, छह मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भाटपाररानी थाना क्षेत्र में फुलवरिया पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को एक ट्रक और पेट्रोल टैंकर की आमने-सामने की टक्कर में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार भारत पेट्रोलियम का टैंकर मैरवा से पेट्रोल खाली कर बैतालपुर स्थित डिपो लौट रहा था, तभी सुबह के समय जब टैंकर फुलवरिया पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर में सवार दोनों खलासी (सहयोगी) गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि हादसे के मृतकों की पहचान गौरी बाजार थाना क्षेत्र के गुड़ही गांव निवासी शेषनाथ (35) तथा बिहार के नालंदा जिले के बिहार शरीफ थाना क्षेत्र के बनौलिया गांव निवासी मोहम्मद अफरोज (45) के रूप में हुई है। इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी। भाटपाररानी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भाटपाररानी थाने के प्रभारी अभिषेक कुमार राय ने बताया कि ट्रक और टैंकर की भिड़ंत में दो लोगों की मृत्यु हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


