उप्र : कार पलटने से दो लोगों की मौत, दो घायल
उप्र : कार पलटने से दो लोगों की मौत, दो घायल
प्रतापगढ़ (उप्र), 12 मार्च (भाषा) प्रतापगढ़ जिले के बाघराय क्षेत्र में एक कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई तथा दो लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय ने बृहस्पतिवार को बताया कि कंधई थाना क्षेत्र के बीबियाकरनपुर निवासी राजू तिवारी (45), खूजीकलां निवासी सर्वेश कुमार (38), पूरे पाण्डेय दीवानगंज के प्रधान डी के सरोज (32) और प्रधान संघ के अध्यक्ष प्रभाकर सिंह (38) कार में सवार होकर बुधवार रात एक बारात में कुंडा गये थे।
उन्होंने बताया कि वहां से लौटते समय जेठवारा-प्रतापगढ़ मार्ग पर स्थित छेऊंगा गांव के निकट एक सांड को बचाने के चलते कार अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
राय ने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए बाघराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने राजू तिवारी व सर्वेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
राय ने बताया कि दोनों घायलों को गंभीर हालत के मद्देनजर प्रयागराज रेफर कर दिया गया है।
भाषा सं सलीम शफीक
शफीक
शफीक

Facebook


