बलिया (उप्र), 14 जुलाई (भाषा) बलिया जिले में पुलिस ने देश के विभिन्न हिस्सों में सवा करोड़ रुपए से अधिक की ऑनलाइन ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार साइबर अपराधियों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों में एनसीआरपी पोर्टल पर 31 शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मंगलवार को बताया कि ‘आपरेशन वज्र’ के तहत पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ और साइबर अपराध थाने की पुलिस ने जिले के नौ अन्य थानों के समन्वय से सोमवार को रसड़ा थाना क्षेत्र के लवकरा गांव के निवासी पीयूष गुप्ता (24) और नरही थाना क्षेत्र के नारायनपुर गांव के रहने वाले अनिल यादव (27) को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी और उनका गिरोह चालू खाता खुलवाकर निवेश कराने, गेमिंग, ट्रेडिंग, टास्क देने के नाम पर धोखधड़ी, फर्जी रेंटिंग दिलवाने, पोंजी स्कीम और अन्य तरीकों से आनलाइन ठगी करते थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधियों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों में एनसीआरपी पोर्टल पर एक करोड़ 28 लाख 61 हजार 858 रुपये की धोखाधड़ी की कुल 31 शिकायतें दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी के भी प्रयास किये जा रहे हैं।
भाषा सं. सलीम मनीषा
मनीषा