बलिया (उप्र), नौ जुलाई (भाषा) निषाद पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी मामले पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को लगातार घेर रहे समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव को एक ही विचारधारा पर टिके रहने की सलाह देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि वह ‘इस्लामिक सोच’ या ‘भारतीय सभ्यता वाली सोच’ में से किसी एक विचारधारा का पालन करें।
निषाद ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में अयोध्या में राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि दो-चार लोगों की नीयत खराब होने से सबकी ईमानदारी और निष्ठा पर सवाल नहीं उठाया जा सकता।
उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में अपना काम कर रही है और दोषियों को निश्चित रूप से कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।
इस सवाल पर कि सपा प्रमुख ने आज लखनऊ में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात की तो क्या वह खुद को ‘सॉफ्ट हिंदुत्ववादी’ दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, मंत्री ने कहा, ‘‘धर्म तो एक ही होता है, चाहे आप इस्लामिक सोच के साथ रहिए या फिर भारतीय सभ्यता की सोच के साथ। अब आप औरंगजेब वाली सोच भी रखेंगे और भगवान राम वाली भी सोच रखेंगे तो कैसे होगा?’’
उन्होंने कहा कि औरंगजेब ने अपने पिता को जेल में बंद कर दिया था और गद्दी हथियाने के लिये अपने भाई की गर्दन काट दी थी, वहीं प्रभु राम ने निषाद राज और सुग्रीव को गले लगाया था तो यह दोनों अलग-अलग विचारधाराएं हैं।
निषाद ने कहा, ‘‘अखिलेश यादव एक ही विचारधारा का पालन करें, वह ज्यादा सही है। आज के दिन वह धर्म को राजनीति में लाना चाहते हैं। धर्म अलग है और राजनीति अलग है।’’
मंत्री निषाद ने राम मंदिर के चंदे में कथित हेराफेरी के मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘पहले (एसआईटी) जांच पूरी हो जाए। जांच में कोई दोष पाया जाए, तब इस पर चर्चा होनी चाहिए। यह लोग (विपक्ष) इसे उलझाना चाहते हैं जबकि हमारी सरकार इसे सुलझाना चाहती है।’’
अयोध्या के राम मंदिर परिसर में काम करने वाले सभी लोगों के मोबाइल फोन कॉल विवरण की जांच करने की सपा प्रमुख की मांग पर निषाद ने कहा कि जांच में जो दोषी पाए जा रहे हैं, उन्हें जेल भेजा जा रहा है। दो-चार लोगों की नीयत खराब होने से सबकी ईमानदारी पर सवाल नहीं उठाया जा सकता।
निषाद से सवाल किया गया कि क्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को नुकसान होगा, तो उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा थोड़े ही है कि नुकसान हो जाएगा। अगर हम कार्रवाई नहीं करते तो हम उन्हें बचाते लेकिन यहां तो अपराधी जेल जा रहे हैं।’’
उन्होंने कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की ‘चुप्पी’ पर कहा, ‘‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काफी हैं। वह सजा दिलवा रहे हैं, जेल भेज रहे हैं।’’
भाषा सं. सलीम शफीक
शफीक