उप्र : ट्रक ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, एक ही परिवार के दो युवकों की मौत
उप्र : ट्रक ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, एक ही परिवार के दो युवकों की मौत
संत कबीरनगर (उप्र), 28 अप्रैल (भाषा) संत कबीरनगर जिले में मंगलवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे दोपहिया वाहन पर सवार एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बुधा कला गांव के पास हुआ जब मजदूरी के लिए मोटरसाइकिल पर सवार होकर जिला मुख्यालय खलीलाबाद जा रहे डारीडीहा गांव निवासी चंद्रभान, चन्द्रहास और चंदभूषण को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
थाना प्रभारी जयप्रकाश दुबे ने बताया कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रभान (35) और चन्द्रहास (25) को मृत घोषित कर दिया, जबकि चंदभूषण का इलाज जारी है।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
भाषा सं आनन्द मनीषा खारी
खारी

Facebook


