उप्र : प्रेमी को जेल से रिहा कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला
उप्र : प्रेमी को जेल से रिहा कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला
प्रतापगढ़ (उप्र), 20 मई (भाषा) प्रतापगढ़ के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक युवती जेल में बंद अपने प्रेमी को रिहा कराने की मांग को लेकर एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
सहायक पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि यह घटना बालिपुर इलाके में चारू नर्सिंग होम के पास हुई।
उन्होंने बताया कि महेश गंज इलाके की रहने वाली और पेशे से सफाई कर्मी महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई और जेल में बंद अपने प्रेमी अंकित गौतम की रिहाई की मांग करने लगी।
हुड्डा ने बताया कि महिला ने हाल ही में अपने प्रेमी से गर्भवती होने के बाद उससे शादी के लिए कहा था। लेकिन कथित तौर पर गौतम ने उस पर गर्भपात कराने का दबाव डाला जिसके बाद उसने गौतम के खिलाफ कुंडा थाने में शिकायत दर्ज करायी थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने 24 अप्रैल को गौतम को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही कर जेल भेज दिया था जिसकी रिहाई की मांग को लेकर महिला टावर पर चढ़ गई।
हुड्डा ने बताया कि कई घंटे तक महिला टावर पर चढ़ी रही और पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतरने के लिए मनाया।
भाषा सं सलीम धीरज
धीरज

Facebook


