उप्र : मेरठ में युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश की आशंका
उप्र : मेरठ में युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश की आशंका
मेरठ, 25 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज कस्बे में दिनदहाड़े अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि आज दोपहर रामराज इलाके में एक व्यक्ति को गोली मारने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सुरेंद्र उर्फ सुनील (28) के रूप में हुई है, जो रामराज का निवासी था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले सुरेंद्र एक विवाहिता को अपने साथ ले गया था और हाल में उसी महिला से कोर्ट मैरिज की तैयारी में था।
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उधर, घटना के बाद का आरोपी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह वारदात को अंजाम देने की बात कह रहा है।
भाषा
सं जफर
रवि कांत

Facebook


