उप्र: गोरखपुर जिला कारागार में एक विचाराधीन कैदी की मौत

Ads

उप्र: गोरखपुर जिला कारागार में एक विचाराधीन कैदी की मौत

  •  
  • Publish Date - August 22, 2026 / 07:00 PM IST,
    Updated On - August 22, 2026 / 07:00 PM IST

गोरखपुर, 22 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिला कारागार में बंद 30 वर्षीय एक विचाराधीन कैदी की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान पीपीगंज के जसवल बाजार निवासी समीर शेख के रूप में हुई है।

जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पांडे ने बताया कि शेख को घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में अदालत के आदेश के बाद 19 अगस्त को जिला कारागार भेजा गया था।

उन्होंने बताया कि शेख लंबे समय से शराब का सेवन करता था और यकृत व गुर्दे संबंधी बीमारियों से पीड़ित था।

अधिकारियों ने बताया कि 21 अगस्त की देर शाम जेल में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे दौरा पड़ा।

जेल अधीक्षक के अनुसार, शेख को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने आपातकालीन विभाग में जांच के बाद उसे भर्ती कर लिया। पांडे ने बताया कि एक विशेषज्ञ चिकित्सक ने शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे शेख को मृत घोषित कर दिया।

जेल प्रशासन ने शेख के परिजनों को उसकी मौत की सूचना दे दी है।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र