दुबई में अवैध कमाई छिपाने वाले नेता मिसाइल गिरने पर चिल्लाए, लुटेरों के साथ ऐसा ही होता है: योगी

Ads

दुबई में अवैध कमाई छिपाने वाले नेता मिसाइल गिरने पर चिल्लाए, लुटेरों के साथ ऐसा ही होता है: योगी

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 02:33 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 02:33 PM IST

गोरखपुर (उप्र), 18 अगस्त (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर तंज करते हुए मंगलवार को कहा कि इन दलों के नेताओं ने प्रदेश का धन लूटकर दुबई में छिपाया था और यही वजह है कि अमेरिका-ईरान युद्ध के दौरान अपनी अवैध कमाई पर मिसाइल गिरने से वे चिल्ला रहे थे।

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के सम्मेलन व ‘कैशलेस’ चिकित्सा योजना के उद्घाटन अवसर पर अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ये लोग लुटवाते थे, लूटते थे, प्रदेश का पैसा विदेशों में जमा करवाते थे। अपने बाल-बच्चों के लिए, आने वाली कई पीढ़ियों के लिए, इतना पैसा इन्होंने संचित करके रखा हुआ है, इनको लगता है कोई खतरा आएगा ये भाग जाएंगे।’’

उन्होंने दावा किया कि इन लोगों ने दुबई में धन छिपाया था, और अमेरिका-ईरान युद्ध के दौरान मिसाइल भी ठीक वहीं पर गिर रही थीं।

योगी ने कहा, ‘‘‘यानी मौतें दुबई में हो रही थीं, मिसाइल वहां गिर रही थीं और चिल्लाहट इन नेताओं के घर में हो रही थी क्योंकि उनका अवैध कमाई का पैसा जा रहा था। वे मिसाइल उनकी अवैध कमाई पर भी गिर रही थीं, और लूट करने वालों के साथ ऐसे ही होता है।’’

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रांतीय रक्षक दल के जवानों को परिजनों सहित प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही उनके दैनिक ड्यूटी भत्ते को 500 से बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा की।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के सहयोग में पीआरडी के स्वयंसेवक अपनी भूमिका समर्पण भाव से निभाते हैं, मगर इसके बावजूद 2017 के पहले तक उन्हें ड्यूटी नहीं मिलती थी।

भाषा सलीम मनीषा नेत्रपाल

नेत्रपाल