उत्तर प्रदेश एटीएस ने अलकायदा की विचारधारा का प्रचार करने को लेकर एक युवक को गिरफ्तार किया
उत्तर प्रदेश एटीएस ने अलकायदा की विचारधारा का प्रचार करने को लेकर एक युवक को गिरफ्तार किया
लखनऊ, 12 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश आतंकवाद-रोधी दस्ते (एटीएस) ने शनिवार को आजमगढ़ से 19 वर्षीय एक युवक को कथित रूप से अल-कायदा की विचारधारा का प्रचार करने और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथी बनाने का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार किया । एक बयान में यह जानकारी दी गयी।
एटीएस ने एक बयान में बताया कि आरोपी की पहचान आजमगढ़ के दीदारगंज क्षेत्र के निवासी मोहम्मद नबील के रूप में हुई है, जो कथित रूप से व्हाट्सऐप समूहों का संचालन करता था और जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ अन्य देशों के लोगों के संपर्क में था।
एटीएस ने कहा कि नबील ने अरबी में “ला इलाहा इल्लल्लाह” नामक एक व्हाट्सएप समूह बनाया था और उसके सदस्यों को “मुजाहिदीन” कहकर संबोधित करता था। उसने कथित रूप से ‘अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट’ (एक्यूआईएस) की विचारधारा का प्रचार करने वाली सामग्री और अल-कायदा के कार्यकर्ताओं द्वारा लिखी गई पुस्तकें, जिनमें “44 वेज़ ऑफ जिहाद” भी शामिल है, साझा की थीं।
बयान में कहा गया कि वह कथित रूप से “फ्लेम्स ऑफ वॉर” एवं अन्य समूहों से भी जुड़ा था, जिनमें बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब के सदस्य मौजूद थे।
एटीएस के अनुसार, इन समूहों में बम बनाने के लिए पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाने की योजनाओं के साथ-साथ पोटेशियम नाइट्रेट हासिल करने पर भी चर्चा होती थी।
एजेंसी ने बताया कि आरोपी और उसके साथी पाकिस्तान के साथ मिलकर “गज़वा-ए-हिंद” की योजना भी बना रहे थे।
खुफिया जानकारी की पुष्टि के बाद, एटीएस ने भारतीय न्याय संहिता और गैर-कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
बयान में कहा गया है कि नबील को शनिवार को आज़मगढ़ से गिरफ़्तार किया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे अदालत में पेश किया गया।
भाषा जफर राजकुमार
राजकुमार

Facebook


