उप्र : एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी में संलिप्त 12 वितरकों एवं 74 अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
उप्र : एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी में संलिप्त 12 वितरकों एवं 74 अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
लखनऊ, 17 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ कालाबाजारी और अवैध बिक्री पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री के निर्देश पर 12 से 17 मार्च तक पूरे प्रदेश में 5,813 स्थानों पर निरीक्षण और छापेमारी की गई है।
बयान के अनुसार इस दौरान रसोई गैस वितरकों के खिलाफ 12 मुकदमे दर्ज किये गये हैं जबकि इसकी कालाबाजारी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध 74 प्राथमिकियां दर्ज हुई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 85 व्यक्तियों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई की गई है। यह अभियान लगातार जारी है और स्थानीय स्तर पर अधिकारियों को सक्रिय रहकर निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार की इस सख्ती के बीच आपूर्ति व्यवस्था भी नियंत्रण में है और प्रदेश के 4,108 एलपीजी वितरकों के यहां बुकिंग के सापेक्ष उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर की सुपुर्दगी सुनिश्चित कराई जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए खाद्यायुक्त कार्यालय में 24 घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से पेट्रोलियम पदार्थों के वितरण से संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है और सामने आ रही समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया जा रहा है।
भाषा
सलीम रवि कांत

Facebook


