उप्र : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में विकास कार्यों की समीक्षा की

उप्र : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में विकास कार्यों की समीक्षा की

उप्र : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में विकास कार्यों की समीक्षा की
Modified Date: March 14, 2026 / 11:36 pm IST
Published Date: March 14, 2026 11:36 pm IST

सहारनपुर, 14 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सहारनपुर में विकास कार्यों की समीक्षा की और मां शाकुंभरी देवी मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर लोकमंगल की कामना की।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक योगी सहारनपुर में मां शाकुंभरी देवी सिद्धपीठ मंदिर पहुंचे और निर्माणाधीन पर्यटन विकास परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यटन कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सोविनियर शॉप, टॉयलेट ब्लॉक, टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर, मल्टीलेवल पार्किंग की प्रगति की समीक्षा की।

इसके उपरान्त उन्होंने भूरादेव एवं सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना की।

विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इन विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए तथा अक्टूबर माह में पूर्ण होने वाली परियोजनाओं को शारदीय नवरात्रि तक तय मानकों के साथ पूरा कराएं।

उन्होंने भूरा देव मंदिर से शाकुंभरी देवी मंदिर तक निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड का कार्य यथाशीघ्र पूरा किया जाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सैनी, राज्यमंत्री (लोक निर्माण) ब्रजेश सिंह, समेत विधायक एवं संबंधित अधिकारियों सहित भाजपा संगठन के पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

भाषा

आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में