उप्र : कौशांबी में संदिग्ध हालत में घर में मिला दंपति का शव

उप्र : कौशांबी में संदिग्ध हालत में घर में मिला दंपति का शव

उप्र : कौशांबी में संदिग्ध हालत में घर में मिला दंपति का शव
Modified Date: May 25, 2026 / 08:33 pm IST
Published Date: May 25, 2026 8:33 pm IST

कौशांबी, 25 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक दंपति के शव उनके घर में मिले। घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के खरौना गांव निवासी फूलचंद (55) के घर से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने घर के अंदर जाकर देखा। वहां फूलचंद और उनकी पत्नी पूजा (54) के शव पड़े मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पड़ोसियों ने बताया कि फूलचंद पहले मुंबई में काम करते थे। लगभग 10 वर्ष पहले उन्होंने महाराष्ट्र की रहने वाली पूजा नामक महिला से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद वह गांव लौट आए थे और खेती-किसानी करने लगे थे।

दंपति की कोई संतान नहीं थी। पड़ोसियों के अनुसार, दोनों पिछले दो दिनों से घर से बाहर नहीं निकले थे। सोमवार दोपहर घर से तेज दुर्गंध आने पर लोग वहां पहुंचे। घर का दरवाजा खुला था और अंदर फूलचंद तथा उनसे कुछ दूरी पर पूजा का शव पड़ा मिला।

पुलिस क्षेत्राधिकारी जनेश्वर प्रसाद पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई थी।

उन्होंने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत


लेखक के बारे में