उप्र : बहराइच में तेंदुए के हमले में आठ वर्षीय बालक की मौत, ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन
उप्र : बहराइच में तेंदुए के हमले में आठ वर्षीय बालक की मौत, ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन
बहराइच, सात मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य के कारीकोट गांव में तेंदुए के हमले में आठ वर्षीय एक बालक की मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अपूर्व दीक्षित ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य के निशानगाढ़ा वन रेंज के अंतर्गत कारीकोट गांव में शुक्रवार शाम करीब सात बजे रामविलास पटवा का पुत्र रघुवीर (आठ) घर के बाहर खेल रहा था। इसी बीच घर के सामने गेहूं के खेत से निकलकर आए तेंदुए ने बच्चे पर हमला कर दिया।
उन्होंने कहा कि तेंदुआ बच्चे को खींचकर ले जा रहा था, लोगों ने शोर मचाते हुए तेंदुए का पीछा किया तो बच्चे को छोड़कर वह खेतों में चला गया। थोड़ी ही देर में गंभीर रूप से घायल बच्चे की मृत्यु हो गई। परिजन बच्चे को स्थानीय सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीएफओ ने बताया कि इस घटना की खबर मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी रात में ही मौके पर पहुंचे थे। प्रदर्शनकारी ग्रामीण काफी आक्रोशित थे, उन्हें समझा बुझाकर शांत किया गया।
उन्होंने बताया कि तेंदुए से ग्रामीणों के बचाव हेतु वन विभाग की टीमें गठित कर घटनास्थल के आसपास के इलाके में निगरानी तेज कर दी गई है। ग्रामीणों को सावधान रहने व शाम के समय खासतौर पर बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों अथवा अन्य लोगों को भी अनावश्यक घर से ना निकलने की हिदायत दी जा रही है।
ग्रामीणों को समझाया गया है कि बहुत जरूरी होने पर झुंड में घर से बाहर निकलें। तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव के नजदीक पिंजरा लगाने हेतु उच्चाधिकारियों से अनुमति मांगी गयी है। अनुमति मिली तो आज शनिवार देर रात तक पिंजरा लगा दिया जाएगा।
दीक्षित ने बताया कि मृतक बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीड़ित परिजनों को दस हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता राशि मुहैया करा दी गयी है। शासन द्वारा अनुमन्य पांच लाख रुपये की सहायता राशि हेतु औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तथा अन्य औपचारिकताएं पूरी होने पर सहायता राशि दी जाएगी।
डीएफओ के अनुसार गांव में शांति है और स्थिति अब पूरी तरह से सामान्य है। गांव में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है।
भाषा
सं, आनन्द
रवि कांत

Facebook


