उप्र: साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार
उप्र: साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ, 29 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस और साइबर प्रकोष्ठ एक संयुक्त अभियान में कॉरपोरेट धोखाधड़ी से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसंत कुमार ने बताया कि वित्तीय लेनदेन से जुड़े सुरागों की जांच के बाद संयुक्त टीम ने गिरोह के चार सदस्यों सत्येन्द्र सविता, निप्पु कुमार, मनीष कुमार और सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस उनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 79 चेक बुक, 77 एटीएम कार्ड, छह पॉइंट-ऑफ-सेल (पीओएस) मशीनें, 14 कीपैड मोबाइल फोन, 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 29 सिम कार्ड, तीन लैपटॉप, विभिन्न कंपनियों से जुड़े दस्तावेज, तीन पहचान पत्र और छह रबर स्टांप बरामद किए गए हैं।
अधिकारी के अनुसार, आरोपी लोगों को बहला-फुसलाकर उनके नाम पर चालू खाते खुलवाते थे और फर्जी कार्यालयों की आड़ में फर्मों का पंजीकरण कराते थे।
उन्होंने बताया कि इसके बाद उनके साथी साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि इन खातों में अंतरित करते थे और बाद में इंटरनेट बैंकिंग क्रेडेंशियल, एटीएम कार्ड, चेक बुक, सिम कार्ड और ओटीपी का इस्तेमाल किया जाता था।
कुमार ने बताया कि गिरोह का एक अन्य सदस्य फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि फरार आरोपी को ही गिरोह का सरगना माना जा रहा है।
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में राज्य और राष्ट्रीय सीमाओं से परे फैले एक संगठित नेटवर्क के संकेत मिले हैं तथा संभावित अंतरराष्ट्रीय संबंधों की भी जांच की जा रही है।
भाषा जफर जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


