उप्र: गोरखपुर में में भारत-नेपाल सीमा पर एक दुकान में आग लगने से लाखों का सामान जलकर नष्ट
उप्र: गोरखपुर में में भारत-नेपाल सीमा पर एक दुकान में आग लगने से लाखों का सामान जलकर नष्ट
गोरखपुर (उप्र), 30 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सोनौली में भारत-नेपाल सीमा के ‘नो मैन्स लैंड’ इलाके के पास एक दुकान में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि भारतीय और नेपाली अग्निशमन सेवाओं के त्वरित हस्तक्षेप से आग को आसपास के प्रतिष्ठानों में फैलने से रोकने में मदद मिली।
अधिकारियों के मुताबिक पूर्वाह्न करीब नौ बजे दुकानदार विनोद कुमार चिप्स बनाने के लिए तेल गर्म कर रहे थे, उसी दौरान तेल ज़्यादा गरम हो गया और आग लग गई।
अधिकारियों के अनुसार आग तेजी से दुकान में फैल गई।
घने धुएं और ऊंची लपटों के कारण क्षेत्र के व्यापारियों, यात्रियों और लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस ने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं।
पुलिस के अनुसार भारत और नेपाल दोनों की दमकल की गाड़ियों ने संयुक्त अग्निशमन अभियान चलाया। पुलिस ने कहा कि निरंतर प्रयासों के बाद, आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को नुकसान होने से बचाया जा सका।
अधिकारियों ने कहा कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है क्योंकि सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया। हालांकि, आग से दुकान के अंदर रखा भारी मात्रा में सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
सोनौली के थाना प्रभारी महेंद्र मिश्र ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर ‘नो मेंस लैंड’ से लगभग 50 मीटर दूर भारतीय क्षेत्र में आग लगी थी, जिसे पूरी तरह बुझा दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।
घने धुएं और भीषण आग की लपटों के कारण एहतियात के तौर पर एसएसबी जवानों ने सीमा के पास मुख्य सड़क पर करीब आधे घंटे तक आवाजाही रोक दी थी। आग पर काबू पाने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया और क्षेत्र को सुरक्षित घोषित कर दिया गया।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार

Facebook


