उप्र : पत्नी की हत्या कर पति ने फांसी लगाई

उप्र : पत्नी की हत्या कर पति ने फांसी लगाई

उप्र : पत्नी की हत्या कर पति ने फांसी लगाई
Modified Date: May 21, 2026 / 01:04 pm IST
Published Date: May 21, 2026 1:04 pm IST

सीतापुर (उप्र), 21 मई (भाषा) सीतापुर जिले के थानगांव क्षेत्र के इसरौली गांव में 24 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से वार कर कथित तौर पर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

थानगांव पुलिस के अनुसार, दीपू भार्गव ने अपनी पत्नी छाया देवी (22) को उस समय चाकू मार दिया जब बुधवार रात को वह अपने घर के आंगन में सो रही थी। इसके बाद उसने घर के अंदर फांसी लगा ली। इस जोड़े की शादी को एक साल हो गया था।

परिवार के सदस्यों ने कहा कि शादी के बाद से लगातार झगड़ों के कारण उनके रिश्ते में तनाव था।

सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी (सीओ) महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव और थाना प्रभारी विमल गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

एएसपी सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि दंपति के बीच बुधवार देर रात झगड़ा हुआ, जिसके दौरान छाया को पीटा गया। बाद में वह आंगन में सोने चली गई, जहां जानलेवा हमला हुआ।

सिंह ने कहा कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों से पूछताछ के साथ-साथ जांच शुरू की गई है।

इस बीच, मृत महिला के पिता मेवालाल ने आरोप लगाया कि छाया चार महीने की गर्भवती थी और उसके ससुराल वाले उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे जिससे वह मायके आ गई थी।

उन्होंने दावा किया कि समुदाय के बुजुर्गों तथा स्थानीय पंचायत के हस्तक्षेप के बाद 19 मई को उसे उसके ससुराल वापस भेज दिया गया था।

मेवालाल ने दीपू समेत छाया की ननद, सास और ससुर पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है ।

भाषा सं जफर

मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में