उप्र :अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
उप्र :अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
मेरठ (उप्र), 14 सितंबर (भाषा) मेरठ जिले की परतापुर थाना पुलिस और नगर स्वाट टीम की साझा कार्रवाई में अवैध असलहों की कथित तौर पर अंतरराज्यीय खरीद-फरोख्त में संलिप्त एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के अछरोंदा-बहादुरपुर अंडरपास (डीएमई) के पास अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले कुछ लोगों के मौजूद होने की सूचना के आधार पर परतापुर पुलिस और नगर स्वाट टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों की घेराबंदी की।
पुलिस ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने संदिग्धों से आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस पर गोलीबारी कर बहादुरपुर की ओर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी।
पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र के वेलकम कॉलोनी निवासी आमिर (34) के तौर पर की है। उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से .32 बोर की एक पिस्तौल, एक मैगजीन, तीन कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया। मौके से एक स्कूटी तथा उसके फरार साथियों की एक कथित चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी के तीन साथी फरार होने में सफल रहे और उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के थानों को सूचना देकर क्षेत्र में घेराबंदी की गई और सघन जांच कराई जा रही है। उसने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द
धीरज
धीरज

Facebook


