उप्र : लापता बच्चा मृत मिला, पूछताछ के लिए दादी को हिरासत में लिया गया

उप्र : लापता बच्चा मृत मिला, पूछताछ के लिए दादी को हिरासत में लिया गया

उप्र : लापता बच्चा मृत मिला, पूछताछ के लिए दादी को हिरासत में लिया गया
Modified Date: July 9, 2026 / 06:12 pm IST
Published Date: July 9, 2026 6:12 pm IST

गाजीपुर (उप्र), नौ जुलाई (भाषा) गाजीपुर जिले के भांवरकोल क्षेत्र में चार साल के एक लापता बच्चे का क्षत-विक्षत शव बृहस्पतिवार को गांव में ही सड़क के किनारे पाया गया। पुलिस ने इस मामले में बच्चे की दादी को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्चे की दादी जयंता का अपने बेटे जामवंत कुशवाहा से विवाद था और बच्चे के लापता होने के दिन से ही वह भी गायब थी।

सोनकर ने बताया कि पुलिस ने गांव छोड़कर जाने की कोशिश कर रही जयंता को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू की है।

उन्होंने बताया कि भांवरकोल थाना क्षेत्र के गोदी खास गांव के रहने वाले जामवंत कुशवाहा के बेटे सिद्धार्थ का क्षत-विक्षत शव गांव में सड़क किनारे पाया गया।

उन्होंने बताया कि बच्चे के पिता ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट गत छह जुलाई को दर्ज करायी थी, जिसके बाद बच्चे की तलाश की जा रही थी।

उन्होंने बताया कि आज सुबह शव बरामद होने पर उसे पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।

भाषा सं. सलीम शफीक

शफीक


लेखक के बारे में