उप्र : पीलीभीत में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत, दो घायल

उप्र : पीलीभीत में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत, दो घायल

उप्र : पीलीभीत में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत, दो घायल
Modified Date: May 17, 2026 / 10:39 pm IST
Published Date: May 17, 2026 10:39 pm IST

पीलीभीत, 17 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में पीलीभीत-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हादसा शनिवार देर रात अमरिया कस्बे के पास हुआ, जिसका सीसीटीवी फुटेज रविवार को सामने आया।

सूत्रों ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे अमरिया कस्बे के पास मुदित गुप्ता (40) अपनी बेटी नित्या गुप्ता और परिवार के ही एक अन्य सदस्य आशीष गुप्ता के साथ सड़क किनारे एक दुकान पर जूस पी रहे थे। इसी दौरान दूसरी लेन से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए राजमार्ग की दूसरी ओर जा पहुंची।

कार ने तीनों को टक्कर मार दी। हादसे में मुदित गुप्ता वाहन के नीचे फंस गए और कार उन्हें कई मीटर तक घसीटती ले गई।

अधिकारियों के अनुसार मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने कार को घेर लिया और चालक के भागने का प्रयास करने पर उसे पकड़ लिया।

इस हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।

सूत्रों ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल अमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से मुदित गुप्ता की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार की औपचारिक शिकायत मिलने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत


लेखक के बारे में