उप्र: अलीगढ़ में पुलिस ने भैंस चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 10 आरोपी गिरफ्तार

उप्र: अलीगढ़ में पुलिस ने भैंस चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 10 आरोपी गिरफ्तार

उप्र: अलीगढ़ में पुलिस ने भैंस चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 10 आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: February 13, 2026 / 11:20 pm IST
Published Date: February 13, 2026 11:20 pm IST

अलीगढ़ 13 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में पुलिस ने शुक्रवार को एक मांस निर्यात इकाई के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित 10 लोगों को चोरी की भैंसों की तस्करी में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में ‘फेयर एक्सपोर्ट्स लिमिटेड’ के महाप्रबंधक रवि कुमार, तबरेज, चितरंजन शर्मा और बिशारत हुसैन (सुरक्षाकर्मी) शामिल हैं।

कुमार ने बताया कि खैर और टप्पल थानों के तहत आने वाले गांवों में पिछले दो दिनों में भैंस चोरी के मामलों में अचानक बढ़ोतरी हुई है।

अधिकारी ने बताया कि जिला पुलिस को शुरू में अपराधियों का पता लगाने में मुश्किल हुई लेकिन एक विशेष दल ने दर्जनों गांवों से सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।

उन्होंने बताया कि उन सभी जगहों से फुटेज में एक पिक-अप वैन देखी गई, जहां भैंस चोरी होने की खबर मिली थी।

कुमार ने कहा, “गाड़ी का पता लगाने के लिए एक बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान शहर के बाहरी इलाके में एक मांस निर्यात इकाई में भैंसों को उतारते देखा गया।”

पुलिस ने इसके बाद पिछले दो सप्ताह से फैक्टरी के अंदर के सीसीटीवी फुटेज मांगे।

उन्होंने बताया, “हमें पता चला कि एक ही पिक-अप गाड़ी ने बार-बार मांस कारखाने में चोरी की भैंसें पहुंचाई थीं।”

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच की जा रही है।

भाषा सं. सलीम जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में