उप्र : कुशीनगर में रेलवे ट्रैक पर गर्भवती शिक्षिका का शव मिला, पुलिस जांच में जुटी

उप्र : कुशीनगर में रेलवे ट्रैक पर गर्भवती शिक्षिका का शव मिला, पुलिस जांच में जुटी

उप्र : कुशीनगर में रेलवे ट्रैक पर गर्भवती शिक्षिका का शव मिला, पुलिस जांच में जुटी
Modified Date: August 2, 2026 / 10:21 pm IST
Published Date: August 2, 2026 10:21 pm IST

कुशीनगर, दो अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक से करीब 100 मीटर दक्षिण गोरखपुर-थावे रेलखंड पर एक गर्भवती महिला शिक्षिका का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पिंकी गुप्ता (35) के रूप में हुई है। वह महराजगंज जिले के फरेंदा क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय बाजारडीहा में सहायक अध्यापक थीं और इन दिनों प्रसूति अवकाश पर थीं।

पुलिस ने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे भूलिया अगरवा गांव के सामने रेलवे फाटक के निकट आनंद विहार-छपरा एक्सप्रेस के गुजरने के बाद रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा दिखाई दिया। सूचना मिलने पर तरयासुजान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने का प्रयास किया।

बाद में सेवरही ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मठिया श्रीराम में तैनात सहायक अध्यापक रवींद्र गुप्ता मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपनी पत्नी पिंकी गुप्ता के रूप में की।

रवींद्र गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह सलेमगढ़ में किराये के मकान में पत्नी और उनकी सास राजमती के साथ रहते थे। उनकी पत्नी प्रसूति अवकाश पर थीं। शनिवार को वह विभागीय प्रशिक्षण के लिए सेवरही स्थित बीआरसी गए थे। दोपहर में उन्होंने कई बार पत्नी को फोन किया, लेकिन कॉल का जवाब नहीं मिला।

उन्होंने बताया कि घर लौटने पर उनकी सास ने बताया कि पिंकी कुछ देर पहले तक कमरे में थीं, लेकिन अचानक कहीं चली गईं। काफी तलाश के बाद तरयासुजान थाने में उनकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई। देर रात जानकारी मिली कि रेलवे ट्रैक पर मिला शव उनकी पत्नी का है।

पुलिस के अनुसार, पिंकी गुप्ता का मायका गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में और ससुराल देवरिया जिले के भाटपाररानी थाना क्षेत्र के बड़का गांव में है।

तरयासुजान थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

सं, आनन्‍द रवि कांत


लेखक के बारे में