उप्र : बांदा में मंदिर परिसर में जहरीला पदार्थ खाने से प्रेमी युगल की मौत
उप्र : बांदा में मंदिर परिसर में जहरीला पदार्थ खाने से प्रेमी युगल की मौत
बांदा, दो अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक युवक और युवती की कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। दोनों के शव एक मंदिर परिसर में मिले। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शनिवार देर रात कमासिन कस्बे के सिंहवाहिनी मंदिर परिसर में हुई।
मृतकों की पहचान लखनपुर गांव निवासी शत्रुघ्न (20) और पहाड़ी क्षेत्र की रहने वाली राजमनी (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों एक ही समुदाय से थे।
बबेरू क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि कमासिन पुलिस को आधी रात के करीब सूचना मिली कि एक युवक और युवती ने मंदिर परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया है और दोनों बेहोशी की हालत में पड़े हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों को तत्काल कमासिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कमासिन थाना प्रभारी संतोष कुमार ओझा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच संबंध थे। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि किन परिस्थितियों में उन्होंने यह कदम उठाया।
पुलिस ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


