उप्र : मुख्यमंत्री के निर्देश पर बदायूं संयंत्र दोहरे हत्याकांड मामले में एसआईटी गठित

उप्र : मुख्यमंत्री के निर्देश पर बदायूं संयंत्र दोहरे हत्याकांड मामले में एसआईटी गठित

उप्र : मुख्यमंत्री के निर्देश पर बदायूं संयंत्र दोहरे हत्याकांड मामले में एसआईटी गठित
Modified Date: March 14, 2026 / 11:26 pm IST
Published Date: March 14, 2026 11:26 pm IST

लखनऊ, 14 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं स्थित सीबीजी संयंत्र में दो अधिकारियों की हत्या की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एक आधिकारिक बयान में शनिवार को यह जानकारी दी गई।

बयान में कहा गया है कि बरेली मंडल के मंडलायुक्त की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा है कि मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है और घटना की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित एसआईटी घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच करेगी, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही या संभावित साजिश की स्थिति सामने आने पर जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि इस मामले में मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके बावजूद यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की साजिश या अन्य आपराधिक संलिप्तता के संकेत मिलते हैं तो प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति अपनी ‘कतई न बर्दाश्त करने की नीति’ के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

इस घटना के बाद संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाए हैं।

योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद घटना में प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ी है और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले की जांच पूरी गंभीरता के साथ की जाए तथा किसी भी दोषी को बख्शा न जाए।

बदायूं में बृहस्पतिवार को एक संयंत्र के दो वरिष्ठ अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई और पुलिस ने इस हत्या के मामले में एक ब्लैक लिस्टेड वेंडर को गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मूसाझाग पुलिस थाना क्षेत्र के सजनी गांव में स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के संयंत्र में हुई।

मृतकों की पहचान संयंत्र के महाप्रबंधक (जीएम) सुधीर कुमार गुप्ता (58) और सहायक महाप्रबंधक हर्षित मिश्रा (34) के रूप में हुई।

भाषा

आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में