उप्र: फिरोजाबाद में लात मारने से गर्भवती महिला की मौत के मामले में छह पुलिसकर्मी निलंबित

उप्र: फिरोजाबाद में लात मारने से गर्भवती महिला की मौत के मामले में छह पुलिसकर्मी निलंबित

उप्र: फिरोजाबाद में लात मारने से गर्भवती महिला की मौत के मामले में छह पुलिसकर्मी निलंबित
Modified Date: September 15, 2026 / 04:20 pm IST
Published Date: September 15, 2026 4:20 pm IST

फिरोजाबाद, 15 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में कथित तौर पर लात मारने से एक गर्भवती महिला की मौत के मामले में दो उपनिरीक्षक समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन ने अपने समर्थकों के साथ इस मामले में कोतवाल समेत थाने के सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सोमवार को उप निरीक्षक धर्मपाल सिंह और सत्यपाल सिंह, मुख्य आरक्षी मोहन सिंह और अरविंद कुमार तथा आरक्षी भवतोष कुमार और कुलदीप कुमार को लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, शिकोहाबाद के लभऊआ गांव निवासी गौरव को चोरी के मामले में पकड़ने के लिए रविवार रात करीब पौने 12 बजे उप निरीक्षक धर्मपाल सिंह पुलिस बल के साथ उसके घर पहुंचे थे।

आरोप है कि पति को साथ न ले जाने की गुहार लगाते हुए गर्भवती अंजलि (28) उप निरीक्षक धर्मपाल सिंह को रोकने की कोशिश करने लगी जिस पर पुलिस अधिकारी ने महिला के पेट पर कथित रूप से लात मार दी। इससे वह गिर गई।

परिजनों के अनुसार गौरव को पुलिस अपने साथ ले गई, जिसके बाद अंजलि की तबीयत बिगड़ गई। उसे शिकोहाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह उसने बेटे को जन्म दिया।

परिजनों के मुताबिक, बच्चे के जन्म के बाद अंजलि की हालत और बिगड़ने पर उसे फिरोजाबाद के लक्ष्मी फाउंडेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का कहना है कि अंजलि की मौत की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने गौरव को छोड़ दिया।

अंजलि की मौत के बाद ग्रामीणों ने थाने में हंगामा किया और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि अंजलि ने जिस बच्चे को जन्म दिया उसकी हालत भी गंभीर है और उसे आगरा भेजा गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला के शव का देर रात पोस्टमार्टम कराया गया और इसके बाद रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

इस बीच, सुमन दोपहर में अपने कार्यकर्ताओं के साथ शिकोहाबाद थाने में कोतवाल समेत पूरे थाने के पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

इससे पहले, सुमन की अगुवाई में सपा का एक प्रतिनिधिमंडल मृतक अंजलि के गांव लभऊआ भी पहुंचा और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की।

भाषा सं सलीम जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में