बहराइच, पांच जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात 42वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बड़ी खेप जब्त कर दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है।
एसएसबी की 42वीं वाहिनी के उप सेनानायक (प्रचालन) दिलीप कुमार ने बताया कि रुपईडीहा सीमा चौकी की रात्रि गश्ती टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट सीमा स्तंभ संख्या 651/14 के पास अभियान चलाया।
इस दौरान भारतीय सीमा क्षेत्र में एक अस्थायी झोपड़ी के पास कार में सामान लाद रहे दो लोगों को पकड़ लिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से नेपाली ब्रांड के गुटखा के 1,210 पैकेट, नेपाल के एक ब्रांड की 1,800 पैकेट सिगरेट तथा तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार बरामद की गई।
कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहराइच निवासी गौतम पाठक और अख्तर अली के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि एक संगठित तस्कर गिरोह नेपाल से प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की छोटी-छोटी खेप अनधिकृत मार्गों से भारत लाकर सीमा क्षेत्र में एकत्र करता था। बाद में इन्हें बाबागंज, नानपारा तथा आसपास के अन्य बाजारों में पहुंचाया जाता था।
उप सेनानायक ने बताया कि भारत में तंबाकू युक्त गुटखे पर प्रतिबंध होने के कारण तस्कर नेपाल से इसकी तस्करी कर भारतीय बाजारों में बेचने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय ब्रांड की सिगरेट अपेक्षाकृत महंगी होने के कारण नेपाल से सस्ती सिगरेट की भी अवैध तस्करी की जाती है।
उन्होंने बताया कि लाखों रुपये मूल्य के जब्त तंबाकू उत्पाद, वाहन और दोनों आरोपियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए रुपईडीहा स्थित सीमा शुल्क कार्यालय को सौंप दिया गया है।
कुमार के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी तस्कर गिरोह के प्रमुख संचालकों में शामिल हैं और लंबे समय से नेपाल से प्रतिबंधित तथा अन्य वस्तुओं की बड़े पैमाने पर तस्करी में संलिप्त रहे हैं।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत